वार्ड 35 और 75 में कांग्रेस की जीत, मनोज बिश्नोई व धर्मवीर नाहटा बने विजेता
बीकानेर.नगर निगम चुनाव की मतगणना में शहर की निगाहें कांग्रेस की दो प्रमुख सीटों—वार्ड नंबर 35 और वार्ड नंबर 75—पर टिकी रहीं। दोनों वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वार्ड नंबर 35 से मनोज बिश्नोई ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 382 मतों से हराया, जबकि वार्ड नंबर 75 से धर्मवीर नाहटा ने 200 से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की।
वार्ड नंबर 75 का चुनाव शुरुआत से ही शहर की सबसे चर्चित चुनावी लड़ाइयों में शामिल था। यहां भाजपा नेता और पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका ने टिकट के लिए दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने उनका टिकट काटकर नयाशहर मंडल अध्यक्ष विशाल गोलछा को प्रत्याशी बनाया। टिकट वितरण के बाद विशाल गोलछा को स्थानीय स्तर पर विरोध का भी सामना करना पड़ा था।
भाजपा में टिकट को लेकर उपजे असंतोष के बीच कांग्रेस ने पूर्व पार्षद धर्मवीर नाहटा को चुनाव मैदान में उतारा। नाहटा के पुराने राजनीतिक अनुभव और वार्ड में सक्रियता का फायदा उन्हें चुनाव परिणाम में मिला। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी विशाल गोलछा को 200 से अधिक मतों से पराजित कर वार्ड पर कांग्रेस का कब्जा जमाया।
उधर, वार्ड नंबर 35 में मनोज बिश्नोई ने 382 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर कांग्रेस को एक और महत्वपूर्ण सीट दिलाई। परिणाम घोषित होते ही दोनों विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल नजर आया। समर्थकों ने नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया और प्रत्याशियों का स्वागत किया।

