निकाय चुनाव के चलते पंचायतीराज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी स्थगित, नई तारीख जल्द होगी घोषित
Bikaner News Politics

निकाय चुनाव के चलते पंचायतीराज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी स्थगित, नई तारीख जल्द होगी घोषित

Sep 15, 2026

 

बीकानेर. राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के जिला परिषद सदस्य, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत समिति प्रधान, सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी फिलहाल स्थगित कर दी गई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा है। अब नगरीय निकायों की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद लॉटरी आयोजित करने की नई तारीख घोषित की जाएगी।

 

 

विभाग की ओर से पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार पंचायतीराज संस्थाओं के जिला स्तरीय पदों की आरक्षण लॉटरी 17 सितंबर तथा उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच पदों की लॉटरी 18 सितंबर को निकाली जानी थी। इसके लिए जिला स्तर पर एक ही अधिकारी को प्राधिकृत किया गया है।

 

 

इसी बीच राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश के नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र 17 से 19 सितंबर तक प्रस्तुत किए जाएंगे। चुनाव चिह्नों का आवंटन 18 सितंबर, मतदान 21 सितंबर तथा उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव 22 सितंबर को निर्धारित किया गया है।

 

 

जिला कलेक्टरों ने विभाग को अवगत कराया कि नगरीय निकाय चुनाव और पंचायतीराज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया एक ही समय पर होने से अधिकृत अधिकारियों को दोनों कार्यों के संपादन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसके बाद पूर्व निर्धारित 17 और 18 सितंबर के लॉटरी कार्यक्रम को परिवर्तित करने का निर्णय लिया गया।

 

 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि नगरीय निकायों के चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पंचायतीराज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी आयोजित की जाएगी। संशोधित तारीखें तय होते ही राज्य निर्वाचन आयोग और संबंधित अधिकारियों को अलग से सूचित कर दिया जाएगा।