महापौर पद के लिए चार नामांकन दाखिल, भाजपा प्रत्याशी को 15 मिनट करना पड़ा सिंबल का इंतजार
Bikaner News Politics

महापौर पद के लिए चार नामांकन दाखिल, भाजपा प्रत्याशी को 15 मिनट करना पड़ा सिंबल का इंतजार

Sep 16, 2026

 

बीकानेर. नगर निगम के महापौर पद के लिए बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल चार पर्चे दाखिल किए गए। कांग्रेस और भाजपा की ओर से एक-एक नामांकन पत्र जमा कराया गया, जबकि कांग्रेस के बागी नवरत्न डागा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो पर्चे दाखिल किए।

 

 

कांग्रेस की ओर से अनिल कल्ला ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन में नवल किशोर प्रस्तावक बने। इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, परिवार के सदस्य और कांग्रेस नेता मौजूद रहे। वहीं भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह शेखावत ने भी अपना नामांकन जमा कराया। उनके प्रस्तावक दीपक व्यास बने।

 

 

कांग्रेस से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे वार्ड नंबर 50 के पार्षद नवरत्न डागा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन पत्र दाखिल किए। उनके एक नामांकन पत्र में निशा पारीक और दूसरे में दीपक तंवर प्रस्तावक बने। डागा की दावेदारी के बाद महापौर चुनाव का मुकाबला रोचक हो गया है।

 

 

नामांकन के दौरान भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह शेखावत और पार्टी पदाधिकारियों को करीब 15 मिनट तक पार्टी सिंबल का इंतजार करना पड़ा। जानकारी के अनुसार भाजपा का सिंबल प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य के पास था। जब शेखावत नामांकन दाखिल करने पहुंचे, उस समय आचार्य नगर निगम कार्यालय से बाहर चले गए थे।

 

भाजपा नेताओं के अनुसार पार्टी सिंबल गाड़ी में रह गया था और सत्यप्रकाश आचार्य उसे लेने के लिए गए थे। सिंबल आने में कुछ समय लगने के कारण वहां मौजूद भाजपा नेता इधर-उधर देखते और उसका इंतजार करते नजर आए। सिंबल पहुंचने के बाद नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई।

 

 

इस तरह महापौर पद के लिए फिलहाल कांग्रेस के अनिल कल्ला, भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत और निर्दलीय नवरत्न डागा की दावेदारी सामने आई है। हालांकि नामांकन पत्र चार दाखिल हुए हैं, लेकिन प्रत्याशी तीन हैं, क्योंकि डागा ने निर्दलीय के रूप में दो पर्चे भरे हैं।