कल मेयर चुनाव, बंगाल के बाद बीकानेर में इस नेता ने डाला डेरा, शेखावत की ‘51 प्लस’ पोस्ट से सियासी हलचल
Bikaner News Politics

कल मेयर चुनाव, बंगाल के बाद बीकानेर में इस नेता ने डाला डेरा, शेखावत की ‘51 प्लस’ पोस्ट से सियासी हलचल

Sep 20, 2026

बीकानेर. बीकानेर नगर निगम के मेयर पद के लिए सोमवार, 21 सितंबर को होने वाले चुनाव से ठीक पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ के बीकानेर पहुंचने और भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत की ओर से सोशल मीडिया पर ‘51 प्लस’ के संकेत देने वाली पोस्ट साझा करने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

 

 

नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के अनिल कल्ला और भाजपा के डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत मेयर पद के लिए आमने-सामने हैं। मतदान से एक दिन पहले राजेंद्र राठौड़ के बीकानेर पहुंचने को भाजपा की रणनीतिक तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। राठौड़ हाल ही में बंगाल चुनाव के दौरान कई दिनों तक वहां सक्रिय रहे थे। अब बीकानेर मेयर चुनाव से ठीक पहले उनकी एंट्री के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

 

 

बताया जा रहा है कि राठौड़ बीकानेर में पार्टी नेताओं और पार्षदों के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन कर सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे के आधिकारिक कार्यक्रम और बैठकों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इसके बावजूद मतदान से ठीक पहले उनकी मौजूदगी ने मेयर चुनाव को और रोचक बना दिया है।

 

 

शेखावत की ‘51 प्लस’ पोस्ट ने बढ़ाया सस्पेंस

भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर ‘51 प्लस’ का संकेत दिया। इसके बाद भाजपा के संख्या बल और संभावित समर्थन को लेकर अटकलें तेज हो गईं। सियासी हलकों में इस पोस्ट को भाजपा के आत्मविश्वास और रणनीतिक दावे के रूप में देखा जा रहा है।

 

 

हालांकि, ‘51 प्लस’ के दावे के पीछे पार्षदों का वास्तविक गणित क्या है, इसका खुलासा मतदान और परिणाम के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल दोनों दल अपने-अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जोड़-तोड़ और रणनीतिक बैठकों में जुटे हैं। ऐसे में भाजपा ने आठ निर्दलीय पार्षदों को अपनी तरफ होने का दावा किया हैं.

 

 

कांग्रेस जहां निगम चुनाव में मिले जनादेश और अपने पार्षदों के संख्या बल के आधार पर बोर्ड बनाने का दावा कर रही है, वहीं भाजपा भी मुकाबले को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। ऐसे में राजेंद्र राठौड़ की एंट्री और डॉ. शेखावत की सोशल मीडिया पोस्ट ने चुनाव से पहले राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। अब सबकी निगाहें सोमवार को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।