बीकानेर में विधायक की हुई गिरफ्तारी, फर्जी पट्टा प्रकरण में CID-CB की कार्रवाई
बीकानेर. हनुमानगढ़ के निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल को फर्जी पट्टा प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है। CID-CB की जयपुर टीम और रेंज सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बंसल को शनिवार रात बीकानेर में डिटेन किया था। पूछताछ और मेडिकल परीक्षण के बाद उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हनुमानगढ़ से जुड़े वर्ष 2003 के एक पुराने कथित फर्जी पट्टा प्रकरण में की गई है। जांच एजेंसियां इस मामले में विधायक बंसल से पूछताछ कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान उनका मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया। हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से प्रकरण में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है. गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद हनुमानगढ़ और बीकानेर के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
गणेशराज बंसल के समर्थकों ने कार्रवाई के समय को लेकर सवाल उठाए हैं। समर्थकों का आरोप है कि नगर निकाय प्रमुख के चुनाव से ठीक पहले यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव बनाने और चुनावी समीकरण प्रभावित करने के उद्देश्य से की गई है। हालांकि, जांच एजेंसियों ने कार्रवाई को पुराने प्रकरण में चल रही कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।
हनुमानगढ़ के निकाय चुनाव में बंसल समर्थित निर्दलीय पार्षदों ने बड़ी संख्या में जीत दर्ज की है। ऐसे में प्रमुख पद के चुनाव से ठीक पहले हुई गिरफ्तारी को लेकर कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। समर्थकों का कहना है कि बंसल की बढ़ती राजनीतिक ताकत के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

