स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर, 16 अक्टूबर से बदलेगा स्कूलों का समय
बीकानेर. राजस्थान के एकल पारी वाले विद्यालयों के संचालन समय में होने वाला बदलाव अब 1 अक्टूबर के बजाय 16 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर के निदेशक ललित कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर पूर्व निर्धारित तिथि में संशोधन किया है।
आदेश के अनुसार, शासन के 31 मार्च 2026 के निर्देशों के तहत राज्य के समस्त एकल पारी विद्यालयों के संचालन समय में 1 अक्टूबर 2026 से परिवर्तन प्रस्तावित था। अब इस तिथि को संशोधित करते हुए विद्यालयों के समय में बदलाव 16 अक्टूबर 2026 से प्रभावी किया गया है।
इसका मतलब है कि 15 अक्टूबर 2026 तक सभी संबंधित विद्यालयों में वर्तमान निर्धारित समय व्यवस्था ही लागू रहेगी। 16 अक्टूबर से विद्यालयों का संचालन संशोधित समय के अनुसार किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों और संस्था प्रधानों को आदेश की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय सक्षम स्तर से अनुमोदित है।
वहीं, विद्यालयों की अन्य शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियां शिविरा पंचांग सत्र 2026-27 में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित होती रहेंगी।
ऐसे में राज्य के एकल पारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को नए समय परिवर्तन के लिए अब 16 अक्टूबर तक इंतजार करना होगा।

