बेसिक पीजी कॉलेज में 5 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां लेंगी इंटरव्यू
बीकानेर. बेसिक पीजी महाविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “Career Connect-2026: Employability & Career Oriented Campus Placement” रोजगार मेले का आयोजन 5 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा। मेले में देशभर की 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे और विद्यार्थियों के लिए विभिन्न पदों पर चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान रोजगार बाजार की जरूरतों से परिचित कराने के साथ उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक कौशल और व्यावसायिक दक्षताओं से सशक्त बनाना है। विद्यार्थियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रोशनी शर्मा ने बताया कि मेले में करियर मार्गदर्शन, कौशल परीक्षण, ग्रुप डिस्कशन, व्यक्तिगत साक्षात्कार, रेज्यूमे मार्गदर्शन और ऑन-कैंपस चयन जैसी गतिविधियां होंगी। कंपनियां विद्यार्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और क्षमता के आधार पर चयन करेंगी।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में संचार क्षमता, समस्या समाधान, रोजगारपरक कौशल और व्यावसायिक दृष्टिकोण का विकास भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होकर अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कंपनियों के प्रतिनिधियों के समन्वय और चयन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समितियों एवं टीमों का गठन किया गया है। विद्यार्थियों से अद्यतन बायोडाटा और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की गई है।

