डूंगर कॉलेज में स्टार्टअप की पाठशाला: 62 विद्यार्थियों ने सीखे बिजनेस आइडिया को उद्यम में बदलने के गुर
Bikaner News

डूंगर कॉलेज में स्टार्टअप की पाठशाला: 62 विद्यार्थियों ने सीखे बिजनेस आइडिया को उद्यम में बदलने के गुर

Oct 7, 2026

बीकानेर. राजकीय डूंगर कॉलेज, बीकानेर में विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार और स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से VIBRANT (Weekly Virtual Office) प्रोग्राम के तहत वर्चुअल सेशन आयोजित किया गया। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय, राजस्थान, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस सत्र में IIT जोधपुर के गौरव पुलुस्कर मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में जुड़े।

 

 

सत्र में विद्यार्थियों को पारंपरिक रोजगार की तलाश करने के साथ-साथ रोजगार देने वाले उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि आज के दौर में विद्यार्थियों के पास अपने आइडिया को स्टार्टअप में बदलने के लिए कई अवसर उपलब्ध हैं। जरूरत है तो केवल समस्या की पहचान कर उसके व्यावहारिक समाधान और बिजनेस मॉडल पर काम करने की।

 

 

कार्यक्रम में VIBRANT पहल के एंट्री-लेवल घटक Entrepreneurship Awareness and Aspirational Engagement Workshop (EAC) पर विस्तार से चर्चा हुई। विद्यार्थियों को डिजाइन थिंकिंग, समस्या पहचान, बिजनेस मॉडल डेवलपमेंट सहित उद्यमिता की प्रारंभिक प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

 

 

सत्र के दौरान कृषि, तकनीक, पर्यटन और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में बीकानेर एवं जिले की आर्थिक संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को बताया गया कि स्थानीय जरूरतों और संसाधनों पर आधारित बिजनेस आइडिया तैयार कर उन्हें सफल उद्यम का रूप दिया जा सकता है।

 

 

इसके साथ ही विद्यार्थियों को सरकारी फंडिंग योजनाओं, स्टार्टअप इंक्यूबेशन सेंटर, मेंटरशिप और अन्य सहयोगी सुविधाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने बिजनेस आइडिया को बेहतर बनाने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने के लिए VIBRANT प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

 

निदेशालय से वर्चुअल रूप से जुड़ी VIBRANT की प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट की वृंदा तनवानी ने योजना के उद्देश्यों और इसके व्यापक दायरे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने विचारों को केवल विचार तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें विकसित कर इंक्यूबेशन और मेंटरिंग के अगले चरण तक ले जाना चाहिए।

 

 

वर्चुअल सेशन में 62 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से उद्यमिता, स्टार्टअप और बिजनेस आइडिया से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रो. अन्ना राम शर्मा, प्रो. सुमित्रा चारण, डॉ. प्रवीण कुमार खत्री, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. छाया शर्मा, पूनम साध सहित कई संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

;