अग्रसेन जयंती इस बार प्रकाशोत्सव के रूप में मनाई जाएगी, दिल्ली के लाल किला मैदान में 10 अक्टूबर को होगा भव्य आयोजन 
Bikaner News

अग्रसेन जयंती इस बार प्रकाशोत्सव के रूप में मनाई जाएगी, दिल्ली के लाल किला मैदान में 10 अक्टूबर को होगा भव्य आयोजन 

Oct 7, 2026

बीकानेर. भगवान श्री अग्रसेन जी की जयंती इस वर्ष विशेष रूप से प्रकाशोत्सव के रूप में मनाई जाएगी। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, दिल्ली के तत्वावधान में 10 अक्टूबर को सुबह 9 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में भव्य अग्रसेन जयंती महोत्सव आयोजित होगा। समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे।

 

 

आयोजन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संचालक पवन जिंदल, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। इसके अलावा अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारी, भामाशाह, सलाहकार मंडल के सदस्य तथा देशभर से प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, युवा शक्ति, मातृ शक्ति और बड़ी संख्या में अग्रबंधु समारोह में भाग लेंगे।

 

 

लाल किला मैदान में जुटेगा अग्रवाल समाज

आयोजकों के अनुसार दिल्ली के लाल किला मैदान में होने वाला यह समारोह अग्रवाल समाज की एकता, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक बनेगा। देशभर से अग्रबंधुओं के दिल्ली पहुंचने से समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

 

 

इसके अगले दिन 11 अक्टूबर को भगवान श्री अग्रसेन जी की जन्मस्थली अग्रोहा शक्ति पीठ में ध्वजारोहण के साथ अग्रसेन जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ हरियाणा प्रदेश के पदाधिकारी और हजारों की संख्या में अग्रबंधु शामिल होंगे।

 

 

माता महालक्ष्मी की कृपा से अमावस्या की रात हुई थी प्रकाशमय

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्री अग्रसेन जी ने माता महालक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए अहंकार रहित होकर मौन व्रत धारण किया और एक पांव पर खड़े होकर 1100 दिन तक कठोर तपस्या की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर माता महालक्ष्मी प्रकट हुईं।

 

 

मान्यता है कि माता महालक्ष्मी का प्राकट्य कार्तिक अमावस्या यानी दीपावली के दिन हुआ था। माता के प्रकट होने से अमावस्या की अंधेरी रात दिव्य प्रकाश से जगमगा उठी। इसी धार्मिक मान्यता को आधार बनाकर इस बार अग्रसेन जयंती को प्रकाशोत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया गया है।

 

 

घर-घर दीप जलाने का आह्वान

राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल ने अग्रबंधुओं से आह्वान किया कि वे भगवान श्री अग्रसेन जी के जन्मोत्सव को जयंती के साथ प्रकाशोत्सव के रूप में भी मनाएं। उन्होंने कहा कि घरों, दुकानों, फैक्ट्रियों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों, अग्रसेन भवनों, मंदिरों और अग्रसेन चौराहों पर भगवान श्री अग्रसेन जी की प्रतिमा के समक्ष विद्युत रोशनी एवं दीप प्रज्वलित किए जाएं तथा महाआरती का आयोजन किया जाए।

 

 

बीकानेर से भी दिल्ली पहुंचेंगे अग्रबंधु

अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर बीकानेर में भी अग्रवाल समाज में उत्साह है। बीकानेर से समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा शक्ति और मातृ शक्ति सहित बड़ी संख्या में अग्रबंधुओं के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

 

 

बीकानेर जिला अध्यक्ष सुशील बंसल, राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य नरेश मित्तल, जिला महामंत्री गोपाल अग्रवाल, महिला अध्यक्ष सुमन जैन, महिला महामंत्री रेखा अग्रवाल और युवा अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है।

 

 

उन्होंने बताया कि समारोह में परम पूज्य आनंदपीठाधीश्वर, अग्रपीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी जी महाराज के संत प्रवचन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर भी समाजबंधुओं को मिलेगा।

 

 

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन और राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन ने देशभर के अग्रबंधुओं से दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री अग्रसेन जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में एकता, सेवा, सहयोग और समरसता की भावना को मजबूत करने के लिए इस वर्ष का महोत्सव विशेष महत्व रखता है।

;