नवरात्रि में ‘नौ दिन, नौ स्वरूप, नौ दिन कन्या पूजन’, वन्देमातरम मातृशक्ति टीम ने किया कन्या पूजन
बीकानेर. नवरात्रि के पावन अवसर पर वन्देमातरम मातृशक्ति टीम, बीकानेर की ओर से संचालित पहल ‘नौ दिन, नौ स्वरूप, नौ दिन कन्या पूजन’ के तहत कल और आज विभिन्न स्थानों पर कन्या पूजन के आयोजन किए गए। इस दौरान विधि-विधान से कन्याओं का पूजन कर उनके सुखमय जीवन की कामना की गई। पहल के माध्यम से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के साथ नारी शक्ति के सम्मान और सनातन संस्कारों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।
मंदिर और घर पर हुआ कन्या पूजन
पहल के तहत कल टीम की सदस्य ममता सिंह सिसोदिया की ओर से मुरलीधर कॉलोनी स्थित आशुतोष महादेव मंदिर में कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान कन्याओं का विधिवत पूजन-अर्चन कर उनके सुखमय और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
वहीं, आज टीम की सदस्य गीता खड़खोदिया के निवास स्थान पर कन्या पूजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
बेटियों के सम्मान का दिया संदेश
दोनों आयोजनों में वन्देमातरम मातृशक्ति टीम की अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक मैया, सुधा आचार्य, गीता खड़खोदिया, ममता सिंह सिसोदिया, अक्षी एवं खुश उपस्थित रहे।
टीम अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, संस्कारों के संरक्षण और समाज में बेटियों के प्रति आदरभाव जागृत करने का माध्यम है। टीम की इस पहल के जरिए नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का स्मरण करते हुए कन्याओं के सम्मान और पूजन का संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और प्रत्येक घर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो।

