बीकानेर. बीकानेर के नापासर थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म का बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना ने न केवल पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला 6 जनवरी का बताया जा रहा है, जब छात्रा रोजाना की तरह सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी.
जानकारी के अनुसार, सुबह स्कूल के बाहर एक कार आकर रुकी, जिसमें दो युवकों ने छात्रा को जबरन कार में बैठा लिया और वहां से फरार हो गए. इसके बाद चलती कार में ही छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. छात्रा ने बताया कि उसने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आरोपी उसे धमकाते रहे और डर का माहौल बनाकर अपराध करते रहे.
घटना के दौरान कार एक गांव के पास से होकर गुजर रही थी. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों को कार में संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं. ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने कार का पीछा किया और रास्ते में कार को रोकने की कोशिश की. खुद को घिरा देख आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए. इसके बाद ग्रामीणों ने कार में मौजूद छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना की सूचना तुरंत छात्रा के परिजनों को दी गई. परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को लेकर नापासर थाने पहुंचे, जहां पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.