बालिका सैनिक स्कूल चयन परीक्षा 2026: आवेदन 12 जनवरी से, परीक्षा 8 मार्च को
Bikaner News

बालिका सैनिक स्कूल चयन परीक्षा 2026: आवेदन 12 जनवरी से, परीक्षा 8 मार्च को

Jan 11, 2026

बीकानेर. राज्य सरकार की बजट घोषणा 2024-25 के तहत बालिकाओं को सैन्य शिक्षा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए राजस्थान के बीकानेर एवं सीकर जिले में संचालित बालिका सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन 8 मार्च 2026 (रविवार) को किया जाएगा।
प्रथम चरण में पूज्या रामीदेवी रामनारायण राठी बालिका सैनिक स्कूल, जयमलसर (बीकानेर) तथा महाराय शेखाजी बालिका सैनिक स्कूल, सीकर में प्रवेश दिया जाएगा। दोनों विद्यालयों में 80-80 सीटें, कुल 160 सीटों पर प्रवेश होगा।
आवेदन प्रक्रिया
बालिकाएं 12 जनवरी 2026 से 20 जनवरी 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) शाला दर्पण पोर्टल
https://rajshaldarpan.rajasthan.gov.in
पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। आवेदन में त्रुटि सुधार का अवसर 21 व 22 जनवरी 2026 को दिया जाएगा।
पात्रता शर्तें
बालिका राजस्थान की मूल निवासी होनी चाहिए
सत्र 2025-26 में कक्षा 5 में अध्ययनरत होना अनिवार्य
चयन के बाद कक्षा 5 उत्तीर्ण होना आवश्यक
प्रवेश से पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य
राजस्थान के विद्यालय से ऑनलाइन टी.सी. प्रस्तुत करनी होगी
परीक्षा का स्वरूप
प्रवेश परीक्षा का स्तर कक्षा 5 के पाठ्यक्रम पर आधारित होगा। प्रश्नपत्र में
हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन से 25-25 अंक के प्रश्न होंगे। कुल प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा। परीक्षा बहुविकल्पीय होगी और नकारात्मक अंकन नहीं होगा। परीक्षा अवधि 2 घंटे रहेगी तथा उत्तर OMR शीट पर देने होंगे।
प्रवेश पत्र व परिणाम
प्रवेश पत्र शाला दर्पण पोर्टल से डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा जिला मुख्यालय स्थित निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा परिणाम शाला दर्पण पोर्टल एवं शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
विद्यालय आवंटन
मेरिट एवं विकल्प के आधार पर चयनित बालिकाओं को विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। परिणाम घोषित होने के दो सप्ताह के भीतर आवंटन सूची जारी की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन के बाद ही अंतिम प्रवेश मान्य होगा।