शिक्षा विभाग में बंपर तबादले, बोर्ड परीक्षा से पहले बड़ा फेरबदल

बीकानेर. शिक्षा विभाग में इन दिनों तबादलों की बाढ़ आई हुई है। विभाग द्वारा व्याख्याताओं के बड़े पैमाने पर तबादले किए जा रहे हैं, जिससे शिक्षा जगत में हलचल मच गई है। जारी और प्रस्तावित सूचियों के अनुसार हजारों व्याख्याता स्थानांतरित किए जा रहे हैं। करीब चार हजार से अधिक व्याख्याताओं के तबादले कर दिए गए है.
जानकारी के अनुसार अब तक जिन विषयों के व्याख्याताओं के तबादले सामने आए हैं, उनमें
हिंदी – 1644
भौतिक विज्ञान – 416
कृषि – 74
गणित – 104
विज्ञान – 737
इतिहास – 973
वाणिज्य – 91
अंग्रेजी – 355
व्याख्याताओं के तबादले शामिल हैं। इसके अलावा भी कई और विषयों की तबादला सूचियां जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
खास बात यह है कि यह तबादले ऐसे समय में किए जा रहे हैं, जब अगले महीने बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। बीच सत्र में हो रहे इन तबादलों को लेकर शिक्षकों और अभिभावकों में चिंता देखी जा रही है। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले शिक्षा विभाग द्वारा 400 से अधिक प्रिंसिपलों की तबादला सूची भी जारी की जा चुकी है। लगातार हो रहे इन बड़े प्रशासनिक बदलावों को लेकर विभागीय स्तर पर जहां इसे व्यवस्थागत सुधार बताया जा रहा है, वहीं शिक्षा से जुड़े लोग इसे समय चयन पर सवाल खड़े करने वाला फैसला मान रहे हैं।
अब सभी की निगाहें आने वाले दिनों में जारी होने वाली अगली तबादला सूचियों और बोर्ड परीक्षाओं पर इसके प्रभाव पर टिकी हुई हैं।

