परीक्षा देने निकली नाबालिग का शव मिला, हत्या की आशंका
बीकानेर. सीमावर्ती रणजीतपूरा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब आठवीं बोर्ड परीक्षा देने निकली एक नाबालिग बालिका का शव सुनसान रोही इलाके में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रणजीतपूरा सीआई के साथ गजनेर थाना पुलिस सहित आसपास के कई थानों का जाब्ता मौके पर पहुंचा और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्हें पुलिस ने समझाइश कर शांत किया। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बालिका शनिवार सुबह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह रणजीतपूरा स्थित परीक्षा केंद्र नहीं पहुंची। जब वह निर्धारित समय तक केंद्र नहीं पहुंची तो शिक्षकों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। तलाश के दौरान उसका शव रोही क्षेत्र में पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाकर घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

