प्रोफेसर ओम कुमार हर्ष बने ग्लोकल यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर
बीकानेर. बीकानेर मूल के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त वैज्ञानिक डॉ. ओम कुमार हर्ष को उत्तर प्रदेश स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी, सहारनपुर का प्रो-चांसलर (एडिशनल प्रो-चांसलर) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से शैक्षणिक और वैज्ञानिक जगत में हर्ष व्यक्त किया जा रहा है।
प्रोफेसर हर्ष इंडो-ऑस्ट्रेलियन मल्टीडिसिप्लिनरी वैज्ञानिक और शिक्षाविद् के रूप में जाने जाते हैं। उनके पास फिजिक्स, इंजीनियरिंग तथा कंप्यूटर साइंस सहित विभिन्न क्षेत्रों में चार शोध डिग्रियां हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया से कंप्यूटर साइंस में Ph.D. तथा भारत से सेमीकंडक्टर प्लाज्मा फिजिक्स में D.Sc. प्रमुख हैं।
वे यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू इंग्लैंड (ऑस्ट्रेलिया) के प्रतिष्ठित डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं। प्रोफेसर हर्ष ने ऑस्ट्रेलिया और भारत सहित छह देशों में शिक्षण एवं अनुसंधान सेवाएं दी हैं। इससे पूर्व वे ग्लोकल यूनिवर्सिटी तथा टांटिया यूनिवर्सिटी के प्रथम वाइस-चांसलर भी रह चुके हैं।
वर्तमान में वे ब्रिट कॉलेज, लंदन में इंटरनेशनल एकेडमिक एवं रिसर्च एडवाइजर के रूप में भी कार्यरत हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर उनके हालिया शोध कार्यों ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय का ध्यान आकर्षित किया है। इसके साथ ही वे भारतीय संस्कृति और विज्ञान-प्रौद्योगिकी के समन्वय पर यूट्यूब के माध्यम से लाखों लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।
ग्लोकल यूनिवर्सिटी के आधिकारिक नेतृत्व पैनल में उन्हें एडिशनल प्रो-चांसलर के रूप में शामिल किया गया है, जो संस्थान में उनकी सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
विश्वविद्यालय के कुलपति एवं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रोफेसर हर्ष का अंतरराष्ट्रीय अनुभव, बहुआयामी विशेषज्ञता और शोध योगदान विश्वविद्यालय को नवाचार, वैश्विक सहयोग तथा छात्र-केंद्रित शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर हर्ष ने वर्ष 1975 में भौतिकी विषय में एमएससी की उपाधि प्राप्त की थी तथा उन्हें शिक्षा, अनुसंधान और औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 50 वर्षों का अनुभव है। ग्लोकल यूनिवर्सिटी में उनके नेतृत्व में करीब 500 सदस्यीय स्टाफ कार्य करेगा।

