बीकानेर की औद्योगिक इकाई में गैस पाइपलाइन का सफल परीक्षण
Bikaner News

बीकानेर की औद्योगिक इकाई में गैस पाइपलाइन का सफल परीक्षण

Feb 27, 2026

 

बीकानेर। शहर के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बीकानेर की एक औद्योगिक इकाई में प्राकृतिक गैस पाइपलाइन का सफल परीक्षण किया गया है। मार्च माह के अंत तक बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र, करणी औद्योगिक क्षेत्र तथा समता नगर के रिहायशी क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की आपूर्ति शुरू होने की संभावना है।

बीकानेर में गैस पाइपलाइन सुविधा शीघ्र उपलब्ध करवाने और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से गेसोनेट कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार, जनरल मैनेजर गंगाप्रसाद बरुआ, मार्केटिंग मैनेजर प्रशांत भट्ट तथा बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया के बीच विस्तृत चर्चा हुई।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार ने बताया कि कंपनी द्वारा करणी एवं बीछवाल औद्योगिक क्षेत्रों सहित समता नगर में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। मार्च माह के अंत तक उपभोक्ताओं को कनेक्शन देकर गैस सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

जनरल मैनेजर गंगाप्रसाद बरुआ ने बताया कि बीकानेर के सभी औद्योगिक क्षेत्रों और चयनित रिहायशी इलाकों को गैस पाइपलाइन नेटवर्क से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। औद्योगिक इकाइयों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से करणी औद्योगिक क्षेत्र की एक बड़ी खाद्य इकाई को गैस पाइपलाइन से जोड़कर सफल परीक्षण भी पूरा कर लिया गया है।

बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों के गैस पाइपलाइन से जुड़ने के बाद बीकानेर में सिरेमिक उद्योगों की स्थापना की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं। उन्होंने बताया कि बीकानेर में उपलब्ध कच्चे माल से सिरेमिक इकाइयां 500 से 1000 प्रतिशत तक वैल्यू एडिशन कर सकती हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि जिले में प्रतिवर्ष लगभग 31 लाख टन क्ले का खनन होता है, जिसमें से 98 प्रतिशत कच्चा माल अन्य राज्यों को भेज दिया जाता है। गुजरात के मोरबी शहर में क्ले, क्वार्ट्ज और फेल्सपार आधारित करीब 600 सिरेमिक इकाइयां संचालित हैं, जहां लगभग 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश और करीब 2.40 लाख श्रमिक कार्यरत हैं। यहां से सालाना लगभग 40 हजार करोड़ रुपये का उत्पादन होता है, जिसमें करीब 10 हजार करोड़ रुपये का निर्यात शामिल है।

पचीसिया ने बताया कि मोरबी में सिरेमिक उद्योगों के विकसित होने का मुख्य कारण प्राकृतिक गैस की उपलब्धता है। बीकानेर से ही इन इकाइयों को कच्चा माल भेजा जाता है। यदि केंद्र सरकार द्वारा बीकानेर में गैस पाइपलाइन सुविधा पूर्ण रूप से उपलब्ध करवा दी जाती है, तो भविष्य में ऐसे औद्योगिक आंकड़े राजस्थान में भी देखने को मिल सकते हैं।