बीकानेर प्रेस क्लब की आम सभा: भूमि आवंटन को लेकर बनेगी कमेटी, सदस्यता अभियान से संगठन होगा मजबूत

बीकानेर. शहर के पत्रकारों के हितों और संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में बीकानेर प्रेस क्लब की साधारण सभा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। रविवार को बीकानेर उद्योग व्यापार मंडल भवन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया ने की, जबकि संचालन महासचिव विशाल स्वामी ने किया।
बैठक की शुरुआत शहर के वरिष्ठ उद्योगपति फन्न बाबू को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद कार्यसमिति द्वारा पूर्व में पारित प्रस्तावों की जानकारी साझा की गई।
सभा में सबसे अहम निर्णय प्रेस क्लब के लिए भूमि और भवन आवंटन के प्रयासों को तेज करने का रहा। इसके लिए वरिष्ठ पत्रकारों की एक कमेटी गठित करने पर सहमति बनी, जो प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर इस दिशा में ठोस पहल करेगी।
इसके साथ ही क्लब के संविधान में बदलाव करते हुए सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय भी लिया गया। नए नियमों के तहत अब वही पत्रकार साधारण सदस्य बन सकेंगे, जो कम से कम पांच वर्षों से पंजीकृत मीडिया संस्थानों में सक्रिय रूप से कार्यरत हों। लगातार दो बार सदस्य बने रहने के बाद ही मतदान का अधिकार मिलेगा।
वहीं, 15 वर्षों से अधिक अनुभव वाले पत्रकारों को आजीवन सदस्यता देने और सेवानिवृत्त पत्रकारों को संरक्षक सदस्य बनाने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों को मानद सदस्य के रूप में जोड़कर क्लब के दायरे को व्यापक बनाने की पहल की गई है।
पत्रकारों के हितों को ध्यान में रखते हुए बैठक में भूखंड से वंचित पत्रकारों के लिए आवंटन के प्रयास तेज करने और समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष जयनारायण बिस्सा, अनुराग हर्ष, भवानी जोशी तथा वर्तमान कोषाध्यक्ष गिरिराज भादानी मंचासीन रहे।
कार्यकारिणी सदस्यों में राजा जोशी, निखिल स्वामी, विक्रम जागरवाल, प्रमोद आचार्य, रमजान मुगल, नीरज जोशी, अरविंद व्यास, मुदिता पोपली, साहिल पठान, राजेश छंगाणी, अजीज भुट्टा, राजेश ओझा, जीतू बीकानेरी, वीरेंद्र पुरोहित, मुकेश पुरोहित, भगवान देव सारस्वत, धीरज जोशी, सुमित व्यास, रमेश बिस्सा सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में कौशलेश गोस्वामी, रौनक व्यास, महेश स्वामी, मोहम्मद अली पठान, शिव भादानी, सरजीत सिंह, अलंकार गोस्वामी, मोहन थानवी, मुजिबर रहमान, बाबूसिंह कच्छावा, जितेंद्र व्यास, नितिन खत्री, मोहनलाल कड़ेला, मुकेश पुरोहित, गोरधन सोनी, मनीष स्वामी, बुधराम सिहाग, प्रदीप कुमार मोदी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
यह बैठक बीकानेर प्रेस क्लब के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

