बीकानेर में 5 अप्रैल को गूंजेगा फिटनेस का महाकुंभ, “समर मिस्टर राजस्थान 2026” का भव्य आयोजन

बीकानेर. शहर में फिटनेस का जुनून चरम पर पहुंचने वाला है। स्वर्गीय जेठमल जी भाटी की पुण्य स्मृति में कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी, बीकानेर एवं राजस्थान स्टेट बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में “5वीं समर मिस्टर राजस्थान स्टेट बॉडी बिल्डिंग, मेन्स स्पोर्ट्स फिजीक, वूमेन फिटनेस फिजीक एवं मास्टर्स चैंपियनशिप 2026” का भव्य आयोजन 5 अप्रैल 2026 को पुष्करणा स्टेडियम, बीकानेर में किया जाएगा।
इस राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से सैकड़ों खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी दमदार फिटनेस, आकर्षक फिजीक और मेहनत का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन में बॉडी बिल्डिंग के अलग-अलग भार वर्गों के साथ-साथ मेन्स स्पोर्ट्स फिजीक, वूमेन फिटनेस फिजीक और मास्टर्स कैटेगरी को भी शामिल किया गया है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत शिरकत करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में विजय आचार्य और गोपाल गहलोत की उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाएगी।
प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार घोषित किए गए हैं। “समर मिस्टर राजस्थान” का खिताब जीतने वाले प्रतिभागी को ₹71,000, द्वितीय स्थान पर ₹51,000 तथा तृतीय (बेस्ट पोज़र) को ₹31,000 प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक भार वर्ग में भी प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः ₹5000, ₹3000 और ₹2000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
कार्यक्रम की समय-सारणी के अनुसार सुबह 08:00 बजे टीमों का आगमन, 10:00 बजे वेटिंग प्रक्रिया और शाम 05:00 बजे प्रतियोगिता व पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।
संस्था के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए परिवहन, आवास, भोजन, प्रचार-प्रसार, टेंट, साउंड, लाइट, स्वागत, अतिथि सत्कार और तकनीकी सहयोग सहित विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। आयोजन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वेटिंग प्रक्रिया को ऑन-स्क्रीन प्रदर्शित किया जाएगा और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
निर्णायक मंडल में प्रदेश के विभिन्न जिलों के अनुभवी जजों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी विशेषज्ञ जूरी सदस्य शामिल होंगे, जो प्रतियोगिता को निष्पक्ष और उच्च स्तर का बनाएंगे।
आयोजन समिति से जुड़े विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना, नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना और खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने प्रदेशभर के खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

