बीकानेर स्थापना दिवस पर “म्हारो प्यारो बीकाणो” थीम से सजेगा लक्ष्मीनाथ पार्क, कलाकार करेंगे लाइव चित्रकारी

बीकानेर। श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति के तत्वावधान में शहर के 539वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस क्रम में रविवार, 12 अप्रैल को “म्हारो प्यारो बीकाणो” थीम पर विशेष चित्रकारी कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के 15 सुप्रसिद्ध चित्रकार भाग लेंगे।
समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि यह आयोजन जिला प्रशासन, बीकानेर विकास प्राधिकरण, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी तथा समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार सुबह 10 बजे श्री लक्ष्मीनाथ जी पार्क में होगा, जहां कलाकार पार्क की दीवारों पर बीकानेर की सांस्कृतिक विरासत को उकेरेंगे।
कार्यशाला के संयोजक धर्मा स्वामी एवं उप संयोजक रामकुमार भादाणी ने बताया कि चित्रकार शहर के प्रमुख स्थलों जैसे जूनागढ़ किला, कोटगेट, लक्ष्मी निवास पैलेस, रामपुरिया हवेली, करणी माता मंदिर, गजनेर झील और कोलायत सरोवर सहित अन्य ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के चित्रों के साथ सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं को भी दीवारों पर साकार करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला में धर्मा स्वामी, रामकुमार भादाणी, डॉ. मोना सरदार डूडी, एस. के. नाथ, मुकेश जोशी, अनिल बन, कमल जोशी, प्रिया मारू, जयश्री सुथार, उमा शंकर पड़िहार, मुकेश उपाध्याय, महेश लावा, लक्ष्मी चौधरी, गणेश रंगा एवं लक्ष्या रांकावत सहित कई प्रसिद्ध चित्रकार अपनी सहभागिता देंगे।
इसके साथ ही 16 अप्रैल को शाम 5:30 बजे लक्ष्मीनाथ मंदिर के सामने स्थित गढ़ गणेश मंदिर परिसर में “चंदा महोत्सव” आयोजित होगा। वहीं 17 अप्रैल को रात्रि 7:30 बजे लक्ष्मीनाथ पार्क में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरवासी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे।

