नशेड़ियों का बढ़ता आतंक: आवारा कुत्तों को लगाए नशे के इंजेक्शन, महिलाओं से बदसलूकी पर भड़का आक्रोश
Bikaner News

नशेड़ियों का बढ़ता आतंक: आवारा कुत्तों को लगाए नशे के इंजेक्शन, महिलाओं से बदसलूकी पर भड़का आक्रोश

Apr 12, 2026

 

बीकानेर। शहर के मुरलीधर व्यास कॉलोनी क्षेत्र में नशेड़ियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कॉलोनी के विभिन्न सेक्टरों में हो रही घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। शुक्रवार को थर्ड डी सेक्टर में घटी एक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अज्ञात नशेड़ी, जो अत्यधिक नशे की हालत में था, सड़कों पर आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों से बदसलूकी करने लगा। लोगों ने बताया कि उसके पास भारी मात्रा में नशीली सामग्री मौजूद थी, जिसमें नशे की पुड़ियां और इंजेक्शन शामिल थे। उसके व्यवहार से क्षेत्र में दहशत फैल गई।

 

 

 

घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि उक्त नशेड़ी ने आवारा कुत्तों को भी नहीं बख्शा। उसने नशे के इंजेक्शन लगाकर और पाउडर मिलाकर उन्हें खिला दिया, जिससे कई बेजुबान जानवरों की मौत हो गई। इस अमानवीय कृत्य से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है और लोग दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं

 

 

 

स्थानीय नागरिकों ने नशेड़ी को मौके से भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह बार-बार लौटकर राहगीरों से दुर्व्यवहार करता रहा। खासकर महिलाओं के साथ हो रही बदसलूकी को लेकर लोगों में खासा गुस्सा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे असामाजिक तत्वों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

 

 

 

क्षेत्र के निवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए, नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई हो तथा दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और शांति का माहौल बहाल हो सके।