महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर समरसता कार्यक्रम आयोजित, शिक्षा और सामाजिक सुधार के संदेश पर जोर

बीकानेर। राजस्थान शिक्षक संघ (शे) जिला कमेटी बीकानेर द्वारा महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले के 199वें जयंती दिवस के अवसर पर स्थानीय कार्यालय में समरसता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपसभाध्यक्ष रेवंतराम गोदारा ने अपने संबोधन में कहा कि ज्योतिबा फुले न केवल एक महान समाज सुधारक थे, बल्कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया और महिलाओं की शिक्षा के लिए भी ऐतिहासिक पहल की। गोदारा ने कहा कि फुले का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समरस समाज की स्थापना संभव है।
वरिष्ठ सदस्य पूनमचंद शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ज्योतिबा फुले ने पूरे जीवन सर्वसमाज के शैक्षिक प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों, जातिगत भेदभाव और असमानताओं के खिलाफ संघर्ष किया। शर्मा ने कहा कि फुले का उद्देश्य हर व्यक्ति को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना था, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि ज्योतिबा फुले ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में रहते हुए सीमित संसाधनों के बावजूद समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का साहसिक कार्य किया। उन्होंने बताया कि फुले का मानना था कि शिक्षा ही समाज में समानता और न्याय का आधार है। भाटी ने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे फुले के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी फुले के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और शिक्षा के अधिकार के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। सभी वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि फुले के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला मंत्री अरुण गोदारा, प्रदेश प्रतिनिधि खुमाणाराम सारण, जिला उपसभाध्यक्ष श्यामसुंदर देवड़ा, संयोजक महेंद्र सिंह पंवार, कैलाश वैष्णव, नगर अध्यक्ष मनीष ठाकुर, नगर मंत्री देवेंद्र जाखड़, श्रीकोलायत अध्यक्ष ताराप्रकाश मोयल, प्रवक्ता रवींद्र विश्नोई, कार्यालय प्रभारी विजय सिंह राजपूत, अनिल कुमार गौड़ सहित अनेक सदस्य श्रद्धावनत उपस्थित रहे।

