फन्ना बाबू को भावभीनी श्रद्धांजलि, व्यापार मंडल ने समर्पित किया ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’
Bikaner News Dharm Karam

फन्ना बाबू को भावभीनी श्रद्धांजलि, व्यापार मंडल ने समर्पित किया ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’

May 8, 2026

 

बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की ओर से बीकानेर की गौरवशाली विभूति, उद्योग जगत की पहचान, समाजसेवी एवं बीकाजी ग्रुप के संस्थापक स्व. शिवरतन अग्रवाल की पुण्य स्मृति में रविन्द्र रंगमंच में भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में व्यापार, उद्योग, सामाजिक और विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सभी ने श्रद्धा-सुमन अर्पित कर फन्ना बाबू के व्यक्तित्व और योगदान को याद किया।

 

 

 

कार्यक्रम में हल्दीराम मूलचंद परिवार से किशन जी, मनोहर जी, मधुसूदन जी एवं दीपक अग्रवाल सहित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। संत समुदाय के सानिध्य में दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मोगरे की सुगंध और पुष्पों से सजे मंच पर परिवारजनों एवं व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने फन्ना बाबू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

 

 

 

व्यापार मंडल अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि फन्ना बाबू का व्यक्तित्व दूरदर्शी और प्रेरणादायी था। उन्होंने बीकानेर एयरपोर्ट की शुरुआत और हल्दीराम मूलचंद कार्डियोलॉजी सेंटर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभाई। राठी ने प्रशासन से शहर में फन्ना बाबू का स्मारक बनाने की मांग करते हुए घोषणा की कि व्यापार मंडल प्रतिवर्ष उद्योग जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले उद्योगपति को “शिव श्री रतन अवार्ड” से सम्मानित करेगा।

 

 

 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने फन्ना बाबू को सरल, सौम्य और उदार व्यक्तित्व का धनी बताते हुए उनके सामाजिक और औद्योगिक योगदान को अविस्मरणीय बताया। राजस्थान वूल एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल कल्ला, पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका, जिला उद्योग संघ अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसिया और व्यापार मंडल सचिव संजय जैन सांड सहित अनेक वक्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

 

 

भावुक क्षण उस समय आया जब फन्ना बाबू के सुपुत्र दीपक अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से व्यापार की अनेक बारीकियां सीखीं, लेकिन एक इच्छा अधूरी रह गई कि वे अपने पिता को गले लगाकर “आई लव यू” नहीं कह सके। यह कहते ही सभागार भावुक हो उठा।

 

 

 

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रत्यूष कांथ, देवकिशन मारू, दीपक आंचलिया और संदीप अग्रवाल सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने शोक संदेश में कहा कि फन्ना बाबू ने अथक परिश्रम से अपने व्यवसाय को वैश्विक पहचान दिलाई और अनेक उद्यमियों को प्रेरित किया।

 

 

 

श्रद्धांजलि सभा के दौरान व्यापार मंडल द्वारा सामाजिक सरोकारों और भुजिया-पापड़ उद्योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए फन्ना बाबू को “लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड” समर्पित किया गया। परिवारजनों को स्मृति चिन्ह और हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की गई, जिसने समारोह को भावुक बना दिया।

 

 

 

कार्यक्रम में रामेश्वरानंद जी महाराज, विमार्शनंद जी महाराज, स्वामी प्रेम प्रकाशानंद जी महाराज और अन्य संतों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

 

कार्यक्रम प्रबंधक दर्शन जैन सांड ने बताया कि श्रद्धांजलि स्वरूप आगंतुकों से विशेष नोटपैड पर भावनाएं लिखवाई गईं, जिन्हें स्मृति एल्बम के रूप में परिवार को भेंट किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के तहत आगंतुकों को तुलसी बीज युक्त इको-फ्रेंडली पेन और विशेष बीज टैग भी वितरित किए गए।

 

 

सभा में फन्ना बाबू के जीवन पर आधारित विशेष चलचित्र और “एक जीवंत विरासत” नामक प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें उनके सामाजिक एवं औद्योगिक योगदान को दुर्लभ तस्वीरों और संदेशों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।