देर रात बीकानेर पहुंचे सांसद हनुमान बेनीवाल, राजनीतिक हलकों में बढ़ी चर्चाएं

बीकानेर. हनुमान बेनीवाल रविवार देर रात अचानक बीकानेर पहुंचे, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। आरएलपी सुप्रीमो और नागौर सांसद बेनीवाल रात करीब डेढ़ बजे श्रीडूंगरगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल हुए। उनके अचानक बीकानेर दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय राजनीति में खासा उत्साह देखने को मिला।
शादी समारोह में शिरकत करने के बाद हनुमान बेनीवाल सुबह करीब 5 बजे बीकानेर स्थित सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय विश्राम किया। इस दौरान आरएलपी नेताओं और समर्थकों की भी वहां आवाजाही रही। बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस में पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं के साथ राजनीतिक चर्चाएं भी हुईं।
सूत्रों के अनुसार, आरएलपी नेता दानाराम घिंटाला ने भी सर्किट हाउस पहुंचकर हनुमान बेनीवाल से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बीकानेर के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बातचीत हुई। संगठन की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
इसके बाद हनुमान बेनीवाल सुबह 11:45 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे फ्लाइट के जरिए दिल्ली रवाना हो गए। उनके इस संक्षिप्त लेकिन अचानक हुए दौरे ने जिले की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।

