NEET-UG परीक्षा अब 21 जून को, छात्रों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा
बीकानेर. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद NEET-UG 2026 परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा का आयोजन 21 जून, रविवार को किया जाएगा। पहले यह परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 22.79 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
पेपर लीक के आरोपों और बढ़ते विवाद के बीच 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब नई तारीख की घोषणा के साथ छात्रों को बड़ी राहत मिली है।
NTA ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही किसी प्रकार की अतिरिक्त परीक्षा फीस भी नहीं देनी पड़ेगी। पहले से जमा की गई फीस मान्य रहेगी और जिन अभ्यर्थियों की फीस संबंधी प्रक्रिया प्रभावित हुई है, उन्हें नियमानुसार राहत दी जाएगी।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि छात्रों के परीक्षा केंद्र भी नहीं बदले जाएंगे। यानी अभ्यर्थियों को पहले आवंटित सेंटर पर ही परीक्षा देनी होगी। National Testing Agency ने अपने आधिकारिक X पोस्ट में बताया कि नए एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल जल्द घोषित किया जाएगा।
इधर, NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार भी लगातार सक्रिय नजर आ रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर गुरुवार को हाईलेवल बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा दोबारा कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा हुई।
देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए अब अगले कुछ सप्ताह बेहद अहम रहने वाले हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक सूचनाओं के लिए केवल NTA की वेबसाइट और अधिकृत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ही भरोसा करें।

