शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रद्युम्न को मिला ‘हीरोज ऑफ इंडिया 2026’ सम्मान
बीकानेर। शिक्षा के क्षेत्र में दो दशकों से लगातार योगदान दे रहे बीकानेर के शिक्षक एवं शिक्षाविद् श्री प्रद्युम्न खरखौदिया को हिंदुस्तान बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा आयोजित समारोह में वर्ष 2026 के ‘हीरोज ऑफ इंडिया’ सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में 20 वर्षों की उल्लेखनीय सेवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया।
जयपुर में आयोजित भव्य समारोह में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिष्ठित व्यक्तियों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इसी क्रम में बीकानेर के श्री प्रद्युम्न को शिक्षा क्षेत्र में उनके समर्पण, नवाचार और उत्कृष्ट अध्यापन कार्य के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
प्रद्युम्न, बीकानेर के प्रतिष्ठित खरखौदिया परिवार से संबंध रखते हैं और वे श्री कृष्ण जी खरखौदिया के पुत्र हैं। शिक्षा जगत में वे ‘प्रेडी सर’ के नाम से व्यापक रूप से पहचान रखते हैं। बीकानेर में संचालित उनके इंग्लिश कोचिंग सेंटर ने हजारों विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय में दक्ष बनाने और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पिछले 20 वर्षों से वे शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि समाज निर्माण का आधार मानते हुए कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त की है। विद्यार्थियों के बीच उनकी सरल शिक्षण शैली, अनुशासन और प्रेरणादायक व्यक्तित्व उन्हें एक लोकप्रिय शिक्षक बनाता है।
‘हीरोज ऑफ इंडिया’ सम्मान देश के उन व्यक्तित्वों को दिया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण योगदान देकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया हो। ऐसे प्रतिष्ठित सम्मान के लिए श्री प्रद्युम्न का चयन बीकानेर के लिए भी गर्व का विषय माना जा रहा है।
सम्मान प्राप्त होने पर शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों ने श्री प्रद्युम्न को बधाई देते हुए इसे बीकानेर की उपलब्धि बताया। शहर के शिक्षाविदों का कहना है कि यह सम्मान न केवल श्री प्रद्युम्न की वर्षों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि बीकानेर की शैक्षणिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला है।
प्रद्युम्न ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, विद्यार्थियों और उन सभी सहयोगियों को दिया जिन्होंने उनके शैक्षणिक सफर में हमेशा उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
बीकानेर के लिए यह निश्चित रूप से गौरव का क्षण है कि वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित ‘हीरोज ऑफ इंडिया’ टाइटल शहर के शिक्षक श्री प्रद्युम्न खरखौदिया को प्राप्त हुआ है।

