विश्व कल्याण के लिए होगा विराट अति महारुद्राभिषेक, 1500 से अधिक पंडित करेंगे रुद्रपाठ, हरिद्वार से आएगा 20 हजार लीटर गंगाजल
Bikaner News Dharm Karam

विश्व कल्याण के लिए होगा विराट अति महारुद्राभिषेक, 1500 से अधिक पंडित करेंगे रुद्रपाठ, हरिद्वार से आएगा 20 हजार लीटर गंगाजल

Jul 8, 2026

 

बीकानेर। विश्व में सुख, शांति, समृद्धि और लोककल्याण की कामना को लेकर पोकरण के ऐतिहासिक रामदेवसर तालाब स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण माह के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को भव्य अति महारुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। इस महायज्ञ में 1500 से अधिक विद्वान पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। आयोजन की विशेषता यह होगी कि भगवान भोलेनाथ का अभिषेक हरिद्वार से विशेष रूप से मंगवाए गए गंगाजल से किया जाएगा।

 

 

 

आयोजन समिति से जुड़े पंडित राजेंद्र किराडू ने पत्रकारों को बताया कि इस अति महारुद्राभिषेक में बीकानेर के 700 से अधिक पंडित शामिल होंगे। ये सभी 16 अगस्त को 15 बसों के माध्यम से पोकरण पहुंचेंगे, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था जाट धर्मशाला में की गई है। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन बुधवार को श्रीधर महाराज के करकमलों से किया गया।

 

 

 

इस अवसर पर श्रीधर महाराज ने अति महारुद्राभिषेक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने और विश्व कल्याण के लिए किया जाने वाला अत्यंत शक्तिशाली एवं विस्तृत वैदिक अनुष्ठान है। इसमें 11 बार महारुद्र की आवृत्ति होती है, जिसके अंतर्गत कुल 14,641 बार वैदिक मंत्रों का जाप, रुद्राभिषेक और हवन संपन्न होता है। रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग का दूध, दही, घी, शहद, पंचामृत और सुगंधित द्रव्यों से निरंतर अभिषेक किया जाएगा। इस अनुष्ठान का उद्देश्य महादेव की कृपा प्राप्त कर पापों का नाश करना तथा जीवन में सुख-समृद्धि और शांति लाना है।

 

 

हरिद्वार से आएगा 20 हजार लीटर गंगाजल

मुख्य यजमान नरेंद्र गांधी ने बताया कि महारुद्राभिषेक के लिए हरिद्वार से विशेष रूप से करीब 20 हजार लीटर गंगाजल टैंकर के माध्यम से 16 अगस्त को पोकरण पहुंचाया जाएगा। इसी गंगाजल से भगवान शिव का 1008 कलशों द्वारा अभिषेक किया जाएगा। इसके अलावा गन्ने के रस, दूध, घी और पंचामृत से भी शिवलिंग का अभिषेक होगा।

 

 

उन्होंने बताया कि इस महाआयोजन में पोकरण, बीकानेर, फलोदी, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर सहित विभिन्न क्षेत्रों से रुद्रीपाठी और वैदिक विद्वान भाग लेंगे, जो यजुर्वेद के मंत्रों के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराएंगे।

 

 

 

पोस्टर विमोचन में रहे मौजूद

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में पंडित अशोक ओझा, पंडित अशोक बिस्सा, पंडित मुकेश ओझा, संजय कुमार गांधी, पोकरण नगरपालिका चेयरमैन मनीष पुरोहित, पंडित मुरलीधर पुरोहित, गायत्री प्रसाद शर्मा, यज्ञ प्रसाद शर्मा, पंडित देवकीनंदन व्यास, रमेश किराडू, मनोज पुरोहित, श्यामसुंदर चूरा सहित बड़ी संख्या में विद्वान और श्रद्धालु उपस्थित रहे।