पाकिस्तान का ड्रोन, भारत में हथियार…बीकानेर पुलिस ने तस्करी की पूरी साजिश बेनकाब की, तीन आरोपी गिरफ्तार
Bikaner News

पाकिस्तान का ड्रोन, भारत में हथियार…बीकानेर पुलिस ने तस्करी की पूरी साजिश बेनकाब की, तीन आरोपी गिरफ्तार

Jul 21, 2026

बीकानेर। सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बीकानेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खाजूवाला थाना क्षेत्र में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पंजाब के फाजिल्का जिले और राजस्थान के श्रीगंगानगर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में मुख्य हैंडलर सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

 

 

 

 

पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चल रही जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी करण सिंह, गुरकीरत सिंह और अवतार सिंह सीमा पार संचालित संगठित तस्करी सिंडिकेट के सक्रिय सदस्य थे। मुख्य हैंडलर सोनू उर्फ सुखविंदर इन्हें ड्रोन से गिराए गए हथियारों की खेप उठाने के लिए सटीक लोकेशन भेजता था, जहां से ये पेलोड उठाकर आगे तय लोगों तक पहुंचाते थे।

 

 

 

 

जांच में यह भी सामने आया कि करण सिंह की मुलाकात मुख्य आरोपी सोनू से फरीदकोट जेल में हुई थी, जबकि गुरकीरत सिंह का संपर्क घड़साना क्षेत्र के जरिए स्थापित हुआ। वहीं, अवतार सिंह की भूमिका सामने आने के बाद उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

 

 

 

 

पुलिस के अनुसार करण सिंह के खिलाफ पंजाब में एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एक मामले में 25 हजार ट्रामाडोल गोलियां बरामद हुई थीं। गुरकीरत सिंह पहले भी ड्रोन ड्रॉपिंग की घटनाओं में शामिल रहा है, जबकि अवतार सिंह पर एनडीपीएस और अन्य गंभीर धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं।

 

 

 

 

पुलिस का कहना है कि चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही सीमा पार संचालित हथियार तस्करी सिंडिकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई से देश की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की कड़ियों की तलाश जारी है।

 

 

 

इस कार्रवाई में एएसपी अनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में एएसआई बाबूलाल यादव, एएसआई महावीर सिंह, एएसआई पेमा राम, एएसआई जगदीश कुमार तथा एफसी हरफूल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।