भुट्टों के बास में बिजली चोरी पर बीकेईएसएल का बड़ा एक्शन, 25 मीटर बदले
बीकानेर. गजनेर रोड स्थित भुट्टों के बास क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए बीकेईएसएल ने मंगलवार को पुलिस बल की मौजूदगी में व्यापक अभियान चलाया। तीसरे चरण की इस कार्रवाई के तहत क्षेत्र के दो ट्रांसफार्मरों पर तकनीकी उन्नयन किया गया और 25 उपभोक्ताओं के मीटर बदले गए। कुछ मीटरों को मकानों के बाहर स्थापित किया गया ताकि निगरानी बेहतर हो सके।
अभियान के दौरान कटी हुई सर्विस लाइनों को हटाकर नई केबल लगाई गई तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बिजली पोल पर बॉक्स भी लगाए गए। बीकेईएसएल के अनुसार इस क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 5 लाख रुपये की बिजली चोरी हो रही थी, जिसे रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
बीकेईएसएल के चीफ कम्युनिकेशन अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि भुट्टों के बास क्षेत्र में कुल नौ ट्रांसफार्मर हैं। इनमें से सात ट्रांसफार्मरों पर पहले ही सुधार कार्य किया जा चुका था, जबकि मंगलवार को शेष दो ट्रांसफार्मरों पर भी तकनीकी सुधार और नेटवर्क सुदृढ़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
अभियान के दौरान 614 मीटर सर्विस केबल बदली गई। इसके अलावा 300 मीटर 70 वर्ग मिमी एलटी केबल और 310 मीटर 25 वर्ग मिमी एलटी केबल भी बिछाई गई। सुबह 10 बजे शुरू हुई कार्रवाई शाम तक चली। बीच में बारिश के कारण कुछ समय के लिए कार्य रोकना पड़ा। अभियान में बीकेईएसएल के 40 अधिकारी, 80 श्रमिक और 55 पुलिसकर्मी तैनात रहे।

