बीकानेर में फिल्मी अंदाज में फायरिंग, चलती कार पर हमला, बड़ा हादसा टला
बीकानेर. बीकानेर के पूगल रोड स्थित शोभासर के पास दिनदहाड़े चलती कार पर कथित फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि कैंपर सवार लोगों ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में रामपुरा बस्ती निवासी मंजूर अली ने बताया कि 19 जुलाई की दोपहर वह अपने साथी सुल्तान और अन्य लोगों के साथ स्विफ्ट कार में पूगल रोड से गुजर रहा था। कार सुल्तान चला रहा था। इसी दौरान आगे चल रही एक कैंपर गाड़ी में सवार लोगों अचानक उनकी कार पर फायरिंग कर दी
परिवादी ने आरोप लगाया कि कैंपर में सवार बुधराम बिश्नोई और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने जान से मारने की नीयत से दोनाली बंदूक से गोली चलाई। गोली उनकी कार की ओर दागी गई, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। उनका कहना है कि यदि थोड़ी भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने न केवल हमला किया, बल्कि इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से भी फायरिंग की। उन्होंने दावा किया है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी मौजूद है, जिसे पुलिस को उपलब्ध कराया जा सकता है।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी

