एनएसयूआई का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका, इस्तीफे की मांग
बीकानेर. एनएसयूआई के बैनर तले बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “पेपर लीक, मोदी सरकार वीक” सहित कई नारे लगाए और हाथों में तख्तियां लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से छात्रों का सरकार पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता रामनिवास कूकना, हरिराम गोदारा सहित एनएसयूआई के कई छात्र नेता और कार्य
कर्ता मौजूद रहे।

