गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, 29 जुलाई से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान
बीकानेर. भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक प्रदेशभर में चलाए जाने वाले ‘संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा संभाग कार्यालय में जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई, जिसमें अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और बूथ स्तर तक कार्यक्रमों के संचालन की रणनीति तय की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और मानवता का अनुपम संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा संतों और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। अभियान के माध्यम से गुरु रविदास के आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं, कार्यक्रम संयोजक एवं जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा ने बताया कि जिले के सभी मंडलों में अभियान के संचालन के लिए जिला टोली गठित की जाएगी। मंडल स्तर पर कार्यशालाएं, जनसंपर्क अभियान, सामाजिक संवाद, संपर्क बैठकें और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला में जिला प्रभारी ओम सारस्वत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय आचार्य, मोतीलाल हर्ष, सुभाष वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

