बीकानेर में कम्यूनिटी कैंसर केयर सेंटर शुरू, मरीजों को मिलेगी मुफ्त परामर्श, पोषण और पुनर्वास सेवाएं
Bikaner News

बीकानेर में कम्यूनिटी कैंसर केयर सेंटर शुरू, मरीजों को मिलेगी मुफ्त परामर्श, पोषण और पुनर्वास सेवाएं

Aug 2, 2026

 

बीकानेर. कैंसर मरीजों को समग्र सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में रविवार को बीकानेर के आदर्श कॉलोनी में संजीवनी-लाइफ बियॉन्ड कैंसर द्वारा कम्यूनिटी कैंसर केयर सेंटर का शुभारंभ किया गया। सेंटर का उद्घाटन सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.पी. अग्रवाल तथा जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसिया ने किया। इस अवसर पर कमल कल्ला, संजय आचार्य और डॉ. पूजा मोहता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

 

 

 

डॉ. आर.पी. अग्रवाल ने कहा कि यह सेंटर कैंसर रोगियों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर जांच को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में स्वास्थ्य सेवाएं व्यवसाय का रूप ले चुकी हैं, लेकिन भारत में आज भी चिकित्सा सेवा का माध्यम है और संजीवनी जैसी संस्थाएं इसका श्रेष्ठ उदाहरण हैं।

 

 

 

जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसिया ने कहा कि कैंसर मरीजों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और कैंसर मुक्त समाज की दिशा में यह सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं कमल कल्ला ने कहा कि कैंसर केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि ऐसा संकट है जो मरीज और उसके परिवार के जीवन के हर पहलू को प्रभावित करता है। ऐसे समय में संजीवनी जैसी संस्था मरीजों के लिए आशा की नई किरण बनकर सामने आई है।

 

 

 

संजय आचार्य और डॉ. पूजा मोहता ने भी केंद्र द्वारा मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।

 

 

 

केंद्र के समन्वयक अभिषेक जोशी ने बताया कि संजीवनी मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर कैंसर मरीजों को निःशुल्क परामर्श, पोषण संबंधी सहायता, मनोवैज्ञानिक सहयोग और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, शुरुआती लक्षणों की पहचान और बचाव के प्रति जागरूकता के लिए नियमित शिविर आयोजित किए जाएंगे। केंद्र पर मरीजों के लिए विशेषज्ञ व्याख्यान और पौष्टिक आहार किट का वितरण भी किया जाएगा।

 

 

 

कार्यक्रम में बीकाणा वीरा केंद्र के पदाधिकारी शशांक जोशी, जय आचार्य, मीनाक्षी, आशीष सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।