बीकानेर में भीषण सड़क हादसा: बस-कैंपर की टक्कर में युवक की मौत, 8 घायल
बीकानेर. बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र के भामटसर गांव के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बस और कैंपर की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में गोपाल नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी घायल सुजानगढ़ के निवासी हैं और देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में मंगला आरती के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पीबीएम अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

