‘लगान’ और ‘गजनी’ के मशहूर अभिनेता का निधन
मुंबई. हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार को 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
उनके निधन की जानकारी फिल्म लगान में उनके साथ काम कर चुके अभिनेता यशपाल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर भावभीनी श्रद्धांजलि साझा कर दी। वहीं, हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने भी उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कैंसर दोबारा लौट आने के बाद पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था।
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत महाभारत में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई।
हिंदी सिनेमा में उन्होंने लगान, सरफरोश, गजनी, बैजू बावरा, आवारापन और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों में प्रभावशाली अभिनय किया। दक्षिण भारतीय सिनेमा में उन्होंने Sye से शुरुआत की और अपने दमदार खलनायक किरदारों के लिए विशेष पहचान बनाई।
प्रदीप रावत के निधन से भारतीय फिल्म उद्योग ने एक अनुभवी और बहुमुखी कलाकार को खो दिया है। उनके निभाए गए किरदार दर्शकों की स्मृतियों में लंबे समय तक जीवित रहेंगे।

