रोडवेज बस में बड़ा खुलासा! 12 यात्री बिना टिकट मिले, परिचालक तुरंत निलंबित
बीकानेर. बीकानेर-हनुमानगढ़ मार्ग पर हरियासर गांव के पास राजस्थान रोडवेज की फ्लाइंग टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बस में 12 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा। जांच में सामने आया कि यात्रियों से किराया वसूलने के बावजूद उन्हें टिकट जारी नहीं किए गए थे।
मामले की पुष्टि होने पर रोडवेज प्रशासन ने संबंधित बस के परिचालक उम्मेद खां को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य प्रबंधक हमीद अली के निर्देश तथा प्रबंधक (संचालन) कर्म सिंह के नेतृत्व में फ्लाइंग टीम द्वारा की गई।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों के हितों की सुरक्षा और राजस्व हानि रोकने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। बिना टिकट यात्रा कराने या किराया लेकर टिकट जारी नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

