कार-डंपर की टक्कर में 4 की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा कोहराम
बीकानेर. लूनकरणसर के विश्वकर्मा मार्केट के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में कार और डंपर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
टाइगर फोर्स टीम के महिपाल सिंह लाखाऊ ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही टाइगर फोर्स के सदस्य, विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारी और स्थानीय मिस्त्री तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल लूनकरणसर उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

