बॉर्डर इलाके में हाई अलर्ट, हथियारबंद नाकाबंदी से बढ़ाई सुरक्षा, वाहनों की सघन जांच
Bikaner News

बॉर्डर इलाके में हाई अलर्ट, हथियारबंद नाकाबंदी से बढ़ाई सुरक्षा, वाहनों की सघन जांच

Aug 9, 2026

बीकानेर. अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से सटे खाजूवाला इलाके में स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। क्षेत्र में हाई अलर्ट के बीच पुलिस की ओर से विशेष हथियारबंद नाकाबंदी की जा रही है। बाहर से आने-जाने वाले वाहनों को रोककर सघन जांच की जा रही है।

 

 

 

आईजी के निर्देशन में खाजूवाला क्षेत्र में पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। नाकाबंदी के दौरान वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। खाजूवाला सीओ आकांक्षा चौधरी और थानाधिकारी अशोक बिश्नोई भी नाकाबंदी स्थल पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

 

 

 

हेरोइन और हथियार बरामद होने के बाद बढ़ी चौकसीखाजूवाला पुलिस की ओर से हाल ही में हेरोइन और हथियार पकड़े जाने के बाद बॉर्डर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच बढ़ाने के साथ संदिग्ध लोगों पर भी निगरानी तेज कर दी है।

 

 

 

वहीं, बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। बॉर्डर क्षेत्र में नशे की तस्करी और अवैध हथियारों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस की ओर से विशेष निगरानी रखी जा रही है।

 

 

 

स्वतंत्रता दिवस को लेकर बढ़ाई गश्त

15 अगस्त को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रमुख मार्गों, प्रवेश-निकास बिंदुओं और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही और संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।