सोमवार रात से राजस्थान में निजी बसों की हड़ताल, ऑनलाइन बुकिंग बंद
जयपुर. राजस्थान में निजी बस सेवाओं पर सोमवार रात से ब्रेक लगने जा रहा है। प्रदेशभर के निजी बस ऑपरेटरों और विभिन्न बस यूनियनों ने सरकार एवं परिवहन विभाग के रवैये से नाराज होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से राजस्थान में निजी बसों से रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
एसोसिएशन के अनुसार, 10 अगस्त की रात से निजी बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। विरोध के तहत बस ऑपरेटरों ने ऑनलाइन बुकिंग भी बंद करने का निर्णय लिया है। बस ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंटों को 10 अगस्त से अनिश्चितकाल तक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बसों के बुकिंग चार्ट बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन विभाग पर मनमानी कार्रवाई का आरोप
बस ऑपरेटरों का आरोप है कि परिवहन विभाग और रोडवेज प्रशासन की ओर से निजी बस संचालकों के खिलाफ अन्यायपूर्ण और मनमानी कार्रवाई की जा रही है। ऑपरेटरों का कहना है कि बिना वजह चालान काटने, परमिट जांच के नाम पर परेशान करने और अनावश्यक दबाव बनाने से बस मालिकों में नाराजगी बढ़ रही है।
मांगें नहीं मानी तो जारी रहेगी हड़ताल
बस ऑपरेटरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता और कथित उत्पीड़न पर रोक नहीं लगती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। ऐसे में सोमवार रात के बाद प्रदेश के कई शहरों और कस्बों के बीच चलने वाली निजी बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
यात्रियों पर पड़ेगा सीधा असर
निजी बसों के संचालन के बंद होने से लंबी दूरी और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। बसों की ऑनलाइन बुकिंग बंद होने से 10 अगस्त के बाद यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

