बीकानेर के इस इलाके में चली गोली, युवक हुआ घायल
बीकानेर. शहर के बीछवाल थाना क्षेत्र में रविवार को पिस्टल से गोली चलने से एक युवक घायल हो गया। घटना करणीनगर इलाके की बताई जा रही है। घायल युवक को उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, युवक अंकित गुप्ता घर के ऊपरी कमरे में बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो युवक लहूलुहान हालत में मिला। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह के अनुसार, पुलिस को गोली लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक को गोली गलती से चली या जानबूझकर फायर किया गया।
पुलिस के अनुसार, जिस पिस्टल से गोली चली, वह अवैध बताया जा रहा है। इसके चलते युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

