दुकान के ताले तोड़कर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, फ्रिज समेत सामान ले गए थे बदमाश
Bikaner News

दुकान के ताले तोड़कर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, फ्रिज समेत सामान ले गए थे बदमाश

Aug 10, 2026

 

बीकानेर. शहर में दुकान के ताले तोड़कर सामान और फ्रिज चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नोखा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी के सामान की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।

 

 

 

पुलिस के अनुसार 7 अगस्त 2026 को परिवादी ने थाना नोखा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात के समय उसकी दुकान के ताले तोड़कर अंदर रखा सामान और फ्रिज चोरी कर लिया गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

 

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और नोखा वृत्ताधिकारी जरनैल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी गोविंदसिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

 

 

 

 

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही आसूचना संकलन किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने राजेन्द्रसिंह उर्फ राजूसिंह (26) निवासी अणखीसर और राजेश (32) निवासी घड़, थाना नोखा को गिरफ्तार कर लिया।

 

 

 

चोरी के सामान की बरामदगी के प्रयास जारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से चोरी किए गए सामान के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी के सामान की बरामदगी होने की संभावना है।

 

 

 

कार्रवाई में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में नोखा थानाधिकारी गोविंदसिंह चारण, सहायक उपनिरीक्षक श्रवणकुमार, हेड कांस्टेबल रामेश्वरलाल और कांस्टेबल तेजाराम शामिल रहे।