प्रियंशी का सटीक निशाना, राजस्थान जूनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप में जीता रजत
बीकानेर. राजकीय डूंगर महाविद्यालय की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा प्रियंशी स्वामी ने राजस्थान जूनियर स्टेट तीरंदाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है। प्रियंशी ने प्रतियोगिता की मिक्स टीम स्पर्धा में यह उपलब्धि हासिल कर महाविद्यालय और बीकानेर का नाम रोशन किया।
प्रियंशी स्वामी महाविद्यालय के कला संकाय में इतिहास, भूगोल और राजनीति विज्ञान विषयों का अध्ययन कर रही हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने उनकी खेल प्रतिभा, मेहनत और निरंतर अभ्यास को प्रदर्शित किया है।
प्रियंशी की उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों का खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
खेल प्रभारी डॉ. कैलाश स्वामी, डॉ. श्यामा अग्रवाल तथा महाविद्यालय के संकाय सदस्यों ने भी प्रियंशी को रजत पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने प्रियंशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राष्ट्रीय एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

