एआई से बढ़ेगी सचिवीय कार्यों की दक्षता, जिम्मेदारी और सावधानी भी जरूरी: पवन चांडक
बीकानेर. भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) के बीकानेर चैप्टर की ओर से शुक्रवार को स्टेशन रोड स्थित वृंदावन होटल में ‘सचिवीय कार्य, बोर्ड प्रबंधन और नियामक अनुपालन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता’ विषयक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईसीएसआई के ऑल इंडिया प्रेसिडेंट सीएस पवन चांडक थे।
चांडक ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग के बीच कॉर्पोरेट गवर्नेंस और कंपनी कानून से जुड़े कार्यों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। एआई का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल कंपनियों को कानूनी उलझनों और जुर्माने से बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि बीकानेर में कंपनी सचिव के रूप में करियर बनाने की व्यापक संभावनाएं हैं। विद्यार्थी मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के माध्यम से इस क्षेत्र में आसानी से अपना लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने करियर अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत विद्यार्थियों को सीएस पाठ्यक्रम, योग्यता, परीक्षा प्रक्रिया और देशभर में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी।
सेमिनार की मुख्य वक्ता शालिनी शर्मा ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से सचिवीय कार्यों की दक्षता बढ़ाई जा सकती है। इससे समय की बचत, काम में आने वाली रुकावटों में कमी और तेजी से निर्णय लेने में सहायता मिल सकती है। एआई के माध्यम से बोर्ड के कामकाज को भी अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकता है। हालांकि, इसके लाभों के साथ संभावित जोखिमों और दुष्प्रभावों को समझना भी आवश्यक है।
बीकानेर चैप्टर की चेयरपर्सन सीएस खुशबू कोठारी ने कहा कि एआई का प्रभाव आज प्रत्येक क्षेत्र में दिखाई दे रहा है और आईसीएसआई भी इससे अछूता नहीं है। सदस्यों को एआई टूल्स और तकनीकों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सदस्यों और विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में आईसीएसआई की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य सीएस मनोज के. पूर्बे, चेयरपर्सन सीएस खुशबू कोठारी और सचिव सीएस गिरिराज जोशी ने भी विचार रखे। सेमिनार में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया गया।
मुंबई में 8 और 9 जनवरी को ग्लोबल कॉन्फ्रेंस
प्रेसवार्ता में सीएस पवन चांडक ने बताया कि आईसीएसआई की पहली ग्लोबल कॉन्फ्रेंस 8 और 9 जनवरी 2027 को मुंबई में आयोजित होगी। इसमें करीब 40 देशों के कॉर्पोरेट गवर्नेंस क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में स्वीडन, स्पेन, जर्मनी और फ्रांस सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है।
प्रतिभावान छात्राओं और सफल विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में जून में आयोजित सीएसईईटी परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 18वीं रैंक प्राप्त करने वाली कोमल सेठिया को सम्मानित किया गया। वहीं, बीकानेर सेंटर के एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में गरिमा शर्मा और प्रोफेशनल प्रोग्राम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महक घिया को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
प्रोफेशनल प्रोग्राम में सफल 11 तथा एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में सफल 10 विद्यार्थियों को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई।

