63 गांवों तक पहुंचेगा पेयजल, 97 किमी नई पाइपलाइन बिछाने की तैयारी, डीपीआर तैयार
Bikaner News Politics

63 गांवों तक पहुंचेगा पेयजल, 97 किमी नई पाइपलाइन बिछाने की तैयारी, डीपीआर तैयार

Sep 28, 2026

 

बीकानेर. कोलायत विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ₹58.04 करोड़ की परियोजना प्रस्तावित की गई है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2026-27 के तहत गजनेर लिफ्ट परियोजना और कोलायत लिफ्ट परियोजना के अंतिम छोर के गांवों में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी गई है।

 

 

कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लंबे समय से सामने आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री के समक्ष आवश्यकताओं को रखा गया था। इसके बाद इन कार्यों को बजट घोषणा में शामिल किया गया।

 

 

परियोजना के तहत 3 नए पम्प हाउस, 3 जलाशय, 2 पानी की टंकियां और करीब 97 किलोमीटर डी.आई. पाइपलाइन बिछाने के कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों से कोलायत विधानसभा क्षेत्र के 63 गांवों को सीधे लाभ मिलने की संभावना है।

 

 

खिखनिया क्षेत्र में पम्प हाउस और जलाशय

प्रस्तावित कार्यों में खिखनिया क्षेत्र को भी शामिल किया गया है। यहां नया पम्प हाउस और स्वच्छ जलाशय बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा खिखनिया और खजोड़ा में पानी की टंकियों का निर्माण प्रस्तावित है। इससे खिखनिया, खिन्दासर, भेलू, खजोड़ा और हनुमाननगर सहित आसपास के गांवों में पेयजल व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

 

 

इसी तरह हदां पम्प हाउस से नई पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव है। इससे सियाणा, नेणिया, बाला का गोल, खाखुसर, खेतोलाई मुलवान, लोहिया, लम्माणा मुलवान और लम्माणा भाटियान सहित आसपास के गांवों तक पेयजल पहुंचाने की योजना है।

 

 

गंगापुरा क्षेत्र के लिए भी प्रस्ताव

परियोजना के तहत गजनेर-खारी फांटे से गंगापुरा तक अलग पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव है। गंगापुरा में जलहौद और पम्प हाउस का निर्माण भी प्रस्तावित किया गया है। इससे गंगापुरा, मोटावतान और पिलाप क्षेत्र के ग्रामीणों को पेयजल व्यवस्था में राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

विधायक भाटी ने कहा कि डीपीआर की स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्तावित कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इसका उद्देश्य कोलायत विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर तक नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।

;