एमएससी डेटा साइंस और मनोविज्ञान समेत तीन नए पाठ्यक्रम शुरू करेगा एमजीएसयू
Bikaner News

एमएससी डेटा साइंस और मनोविज्ञान समेत तीन नए पाठ्यक्रम शुरू करेगा एमजीएसयू

Sep 28, 2026

बीकानेर. महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों के लिए एमएससी डेटा साइंस, मनोविज्ञान और सर्टिफिकेट इन ड्रोन प्रौद्योगिकी जैसे नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के नव-नियुक्त कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई की अध्यक्षता में सोमवार को प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया।

 

 

बैठक में कुलगुरु ने सभी विभागाध्यक्षों और पाठ्यक्रम प्रभारियों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश देने के साथ नियमित अध्यापन और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता विद्यार्थी हैं और उन्हें अध्ययन के प्रति अधिक से अधिक प्रेरित किया जाना चाहिए।

 

 

समीक्षा बैठक के दौरान बीकानेर क्षेत्र की शैक्षणिक जरूरतों और मांग को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में एमएससी डेटा साइंस, मनोविज्ञान तथा सर्टिफिकेट इन ड्रोन प्रौद्योगिकी के नए पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की गई। इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से विद्यार्थियों को बदलते रोजगार और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े विषयों में अध्ययन के नए विकल्प मिल सकेंगे।

 

 

कुलगुरु ने विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को SWAYAM (Study Webs of Active Learning for Young Aspiring Minds) पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी घर बैठे विभिन्न निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रम कर सकते हैं और पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

बैठक में कुलसचिव यशपाल आहूजा, वित्त नियंत्रक देवेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त कुलसचिव डॉ. बिट्ठल बिस्सा, प्रवेश प्रभारी डॉ. धर्मेश हरवानी सहित विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष और पाठ्यक्रम प्रभारी मौजूद रहे।

;