पंचायतीराज चुनावों को लेकर चिरंजीव राव ने दावेदारों और कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक
Bikaner News

पंचायतीराज चुनावों को लेकर चिरंजीव राव ने दावेदारों और कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक

Sep 28, 2026

 

बीकानेर. आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान के सह-प्रभारी चिरंजीव राव ने जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय, सूरज टॉकीज रोड स्थित रानी बाजार में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से मुलाकात कर संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया।

 

 

चिरंजीव राव सुबह करीब 10 बजे जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय पहुंचे। यहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पद के लिए दावेदारी रखने वाले कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे।

 

 

इस दौरान दावेदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने आगामी पंचायतीराज चुनाव में पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए अपनी दावेदारी और क्षेत्र में किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों के बारे में भी बताया।

 

 

चिरंजीव राव ने अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं और संभावित उम्मीदवारों से संवाद कर स्थानीय परिस्थितियों, संगठन की सक्रियता और चुनावी तैयारियों से जुड़ी जानकारी ली। कार्यकर्ताओं ने भी अपने क्षेत्रों की स्थिति, संगठन से जुड़े विषयों और चुनाव को लेकर अपनी बात पार्टी नेतृत्व के सामने रखी।

 

 

जिला महासचिव संगठन प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस से टिकट की उम्मीद रखने वाले कार्यकर्ताओं और दावेदारों में चिरंजीव राव से मुलाकात को लेकर उत्साह नजर आया। इस दौरान टिकट वितरण, स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारियों, संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

 

 

इस अवसर पर पीसीसी महासचिव प्रद्युम्नसिंह राठौड़ भी मौजूद रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।

 

 

मुलाकात करने वालों में पीसीसी सचिव शिवलाल गोदारा, डॉ. तनवीर मालावत, अम्बाराम इणखिया, हरिराम बाना, भंवर कूकणा, श्रीकृष्ण गोदारा, अत्ता हुसैन कादरी, जाकिर हुसैन नागौरी, डीसी गहलोत, एडवोकेट विजय गोदारा, पन्नालाल नायक, एडवोकेट संजय गोयल, हंसराज बिश्नोई, भिखाराम कडेला, पूनमचन्द भाम्भू, नवरतन डागा, आनन्द जोशी, शलीना खान, धर्मचन्द चौधरी, मनोज मूण्ड, तेजाराम धतरवाल, जेठाराम बारूपाल, हड़मानाराम सियाग, भंवरी देवी, शोहरत बानो, अशोक जोशी, कन्हैयालाल जोशी, मालचन्द चौधरी, मंजू देवी नट, हरिराम गोदारा, पानादेवी, रामप्यारी देवी, बिरमाराम ज्याणी, चम्पालाल बारूपाल, सीताराम डूडी, ललित तेजस्वी, अभिषेक शेखावत, रामदयाल बेनिवाल, मनोज कुमार व्यास, रामसिंह मेघवाल, मनोज कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता एवं दावेदार शामिल रहे।

;