एक दिन में 182 ट्रेनों का इंटरचेंज, बीकानेर मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड
बीकानेर. बीकानेर मंडल ने रेल परिचालन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने 27 सितंबर 2026 को एक ही दिन में 182 ट्रेनों का सफल इंटरचेंज कर अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। इनमें 86 ट्रेनों को मंडल से पास आउट किया गया, जबकि 96 ट्रेनों को मंडल में रिसीव किया गया।
बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में हासिल की गई इस उपलब्धि को परिचालन दक्षता और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय का परिणाम बताया गया है। इससे पहले 5 अगस्त को 172 ट्रेनों का इंटरचेंज किया गया था। ऐसे में सितंबर में 182 ट्रेनों का इंटरचेंज कर मंडल ने अपने ही पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया।
रेलवे के अनुसार, इस उपलब्धि में परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, वाणिज्य और सुरक्षा सहित सभी विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बेहतर समन्वय, लगातार निगरानी और रेल कर्मचारियों की प्रतिबद्ध कार्यशैली के चलते ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से किया गया।
मंडल की ओर से बताया गया कि ट्रेनों के निर्बाध इंटरचेंज और बेहतर परिचालन से समयपालनता में सुधार हुआ है। इसका सीधा लाभ यात्रियों को मिल रहा है और ट्रेनों के निर्धारित समय के अनुसार गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिल रही है।
एक दिन में 182 ट्रेनों के इंटरचेंज की यह उपलब्धि बीकानेर मंडल की परिचालन क्षमता और टीमवर्क को दर्शाती है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने इस उपलब्धि पर सभी रेल कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समन्वित प्रयासों की सराहना की।

