मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का संकल्प, बिरजा राम भील और जवाना राम नायक ने किया देहदान
Bikaner News

मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का संकल्प, बिरजा राम भील और जवाना राम नायक ने किया देहदान

Sep 28, 2026

 

बीकानेर. मानव सेवा की भावना को जीवन के बाद भी जारी रखने का संदेश देते हुए सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में लंबे समय तक सेवाएं दे चुके बिरजा राम भील और कृष्णा पेट्रोल पंप, पूगल रोड से जुड़े जवाना राम नायक ने देहदान का संकल्प लिया। दोनों ने सोमवार को देहदान संबंधी संकल्प प्रपत्र भरकर शरीर रचना विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि को सौंपे।

 

 

सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार की ओर से आमजन को देहदान के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से देहदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के साथ इसके चिकित्सा, वैज्ञानिक और मानवीय महत्व की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।

 

 

चिकित्सा शिक्षा में देहदान का महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है। मेडिकल विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना को करीब से समझने और व्यावहारिक चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने में दान की गई देह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके अलावा चिकित्सा विज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रकार के अनुसंधान में भी इसका उपयोग किया जाता है।

 

 

प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार की पहल के तहत लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि मृत्यु के बाद देहदान के माध्यम से व्यक्ति भावी चिकित्सकों की शिक्षा और चिकित्सा विज्ञान के विकास में योगदान दे सकता है।

 

 

बिरजा राम भील और जवाना राम नायक का देहदान का संकल्प इसी सामाजिक जागरूकता को आगे बढ़ाने वाला कदम है। दोनों के इस निर्णय को चिकित्सा शिक्षा और समाज के लिए प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

;