एमजीएसयू के ड्राइंग-पेंटिंग विभाग में सजा विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
Bikaner News

एमजीएसयू के ड्राइंग-पेंटिंग विभाग में सजा विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Oct 10, 2026

बीकानेर. महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) के ड्राइंग एवं पेंटिंग विभाग में शुक्रवार को विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीकानेर वेलनेस सेंटर की डॉ. वत्सला गुप्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार दुलार ने की।

 

 

मुख्य अतिथि डॉ. वत्सला गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपनी कला एवं प्रतिभा के माध्यम से समाज में विशिष्ट पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।

 

 

विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार दुलार ने कहा कि विदाई समारोह विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक यात्रा की मधुर स्मृतियों के साथ भविष्य की नई संभावनाओं की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय सदैव उनकी उपलब्धियों और प्रगति के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

 

 

विभाग के शिक्षक डॉ. राकेश किराडू ने प्रेरणादायक उद्बोधन के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. मदन राजोरिया ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने और निर्धारित लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

 

 

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पिंकी जांगिड ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की सराहना करते हुए उनकी रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं

 

समारोह के अंत में विभागाध्यक्ष ने विश्वविद्यालय की ओर से सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की। कार्यक्रम में उत्साह के साथ भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला।

;