वालीबॉल में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल का दमदार प्रदर्शन, बीकानेर की झोली में स्वर्ण और रजत पदक
बीकानेर. बीकानेर के सादुल स्पोर्ट्स स्कूल की टीमों ने 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी वालीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए हैं। प्रतियोगिता के 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र वर्ग के मुकाबले जय सिंह राणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मेड़ता सिटी (नागौर) के तत्वावधान में आयोजित हुए। दोनों आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल की टीमों का सामना झुंझुनूं एकेडमी से हुआ।
दोनों आयु वर्गों में फाइनल तक पहुंचीं टीमें
सादुल स्पोर्ट्स स्कूल के वालीबॉल कोच भागीरथ प्रजापत ने बताया कि विद्यालय की दोनों टीमों ने प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल के दम पर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता में टीमों ने स्वर्ण और रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रशिक्षकों और मैनेजर की रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता में 19 वर्ष आयु वर्ग की टीम के मैनेजर गोपाल सिंह बिट्टू तथा 17 वर्ष आयु वर्ग की टीम के मैनेजर दिनेश कुमार रहे। वहीं, खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी भागीरथ प्रजापत और विजय कुमार गोलियां ने निभाई।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई
टीमों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह चौहान और समस्त शाला स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्रशिक्षकों भागीरथ प्रजापत और विजय कुमार गोलियां को बधाई दी।
विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और बीकानेर का नाम रोशन करेंगे।

