बीकानेर में डेढ़ करोड़ का मायरा भरा, दो भाईयों ने अपने दो भांजो का मायरा भरा, जिले में चर्चा का विषय
बीकानेर. राजस्थान में बहन के बच्चों की शादी में भरा जाने वाला मायरा हर बार नया रिकॉर्ड बनाता है. ऐसे में शादियों का सीजन शुरू होने के साथ ही राजस्थान में भरा जाने वाला मायरा एक बार फिर चर्चा में है. प्रदेश में रियासत काल से पुरानी परंपरा है कि यदि बहन के बच्चे की शादी होती है. उसमें भाई अपनी बहन के लिए कपड़े और पैसे लेकर आते हैं. प्रदेश में सभी जगह यह परंपरा है, लेकिन बीकानेर में भरे जाने वाला मायरा हर बार लोगों को हैरान कर देता है. शनिवार शाम को नोखा में गिरधारी और जगदीश गोदारा के बच्चों की शादी में मायरा की रस्म हुई. इस मायरा में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी पहुंचे. इसमें एक करोड़ 56 लाख का मायरा भरा गया है.
मायरा में एक करोड़ 11 लाख नगद
सीनियाला गांव के निवासी भंवर और जगदीश लेघा ने अपनी बहन मीरा के बच्चों की शादी में मायरा भरा है. भंवर लेघा ने बताया कि दो भांजो की शादी में भरे गए मायरे में एक करोड़ 11 लाख नगद दिए है. वहीं सवा किलो चांदी और 31 बरी सोना डाला गया है जिसकी कीमत करीब 45 लाख बताई जा रही है. इन भाईयों ने अपनी बहन के बच्चों की शादी में मायरा में दिल खोलकर दिया है.
जेपी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के संचालक भंवर लेघा और जगदीश लेघा ने अपनी बड़ी बहन मीरा के बच्चों की शादी में मायरा भरा. मीरा के दो बच्चों की शादी है. भंवर जी ने बताया कि हम दो भाई और तीन बहनें है. यह हमारे परिवार का पहला मायरा है. हम दो भाईयों ने मिलकर यह मायरा भरा है.

